जीजीआईसी चतुर्थ श्रेणी कर्मी की नदी में डूबने से मौत
रामपुरा (जालौन)। घर से गंगा जाने की बात कहकर रविवार सुबह निकला एक युवक कानपुर के बिठूर में गंगा नदी में स्नान के दौरान डूब गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
रामपुरा नगर के राजेन्द्र नगर वार्ड नंबर-1 निवासी मोतीलाल वर्मा के बड़े पुत्र राहुल वर्मा (35) रविवार सुबह करीब छह बजे घर से कानपुर जाने की बात कहकर निकले थे। परिजनों के पूछने पर उन्होंने बताया था कि वह बिजली विभाग के जेई अमित शर्मा के साथ जा रहे हैं।
मृतक के छोटे भाई छोटू वर्मा ने बताया कि दोपहर में सूचना मिली कि कानपुर के बिठूर में गंगा नदी में स्नान करते समय राहुल गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनकी पत्नी दीपाली का रो-रोकर बुरा हाल है। राहुल अपने पीछे दो छोटे पुत्र देवांश (7 वर्ष) और रिहान्स (2 वर्ष) को छोड़ गए हैं।
बताया गया कि राहुल रामपुरा विद्युत उपकेंद्र पर बिजली विभाग से जुड़े ऑनलाइन कार्य करते थे। इसके अलावा वह जगम्मनपुर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आउटसोर्सिंग के माध्यम से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में भी कार्यरत थे।
राहुल वर्मा के असामयिक निधन से रामपुरा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।