जगम्मनपुर जुहीखा पुल से यमुना में कूदे बुजुर्ग का शव बरामद
रामपुरा, जालौन। थाना क्षेत्र के ग्राम जगम्मनपुर स्थित जुहीखा पुल से यमुना नदी में कूदे एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव रविवार सुबह हिम्मतपुर गुढ़ा गांव के बीच यमुना नदी से बरामद कर लिया गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि जुहीखा पुल पर एक बाइक, कपड़े और डायरी लावारिस हालत में पड़े हैं तथा एक व्यक्ति के नदी में कूदने की आशंका है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान डायरी और अन्य दस्तावेजों के आधार पर बुजुर्ग की पहचान राजू पुत्र बाबूराम (65 वर्ष), निवासी खोजापुर, थाना कुठौंद के रूप में की। उनकी बाइक संख्या UP92J 6494 भी पुल पर खड़ी मिली थी। परिजनों को तत्काल सूचना देकर यमुना नदी में तलाश अभियान शुरू कराया गया।
रविवार सुबह गोताखोरों की सहायता से हिम्मतपुर बड़ागांव के बीच नदी से शव बरामद कर लिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि जुहीखा पुल से एक व्यक्ति के नदी में कूदने की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल मौके का निरीक्षण किया गया। रविवार सुबह शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।